महिलाओं के नहाने का वीडियो बना रहे थे दो क्रिकेटर, पुलिस ने किया गिरफ्तार; क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप
नई दिल्ली। दो युवा क्रिकेटर होटल बाथरूम में महिलाओं के नहाने का वीडियो बनाते हुए पकड़े गए हैं। इन दोनों युवा क्रिकेटरों पर अब मुसीबत आन पड़ी है और इनका करियर खतरे में हैं। ये दोनों श्रीलंका के अंडर-19 क्रिकेटर हैं।
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला श्रीलंका के ही कोलंबो के नाराहेनपिटा का है। यहीं एक होटल में टीमें रुकी थीं। दोनों ही क्रिकेटरों को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पहली सुनवाई के लिए पेश किया गया था। अब इन दोनों की अगली पेशी 25 मई को होगी। दोनों ही खिलाड़ियों को पांच लाख श्रीलंकाई रुपये के मुजलके पर जमानत दे दी गई है।
श्रीलंकाई बोर्ड ने नहीं सुनाया फैसला
हालांकि, इस मामले में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक कोई आनुशासनात्मक कदम नहीं उठाया है। इस सप्ताह की शुरुआत में दोनों क्रिकेटरों को गिरफ्तार कर लिया गया था। ये गिरफ्तारी होटल में ठहरी महिलाओं द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई थी। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं ये वीडियो ऑनलाइन शेयर तो नहीं किए गए।
श्रीलंका क्रिकेट में मचा है हड़कंप
श्रीलंकाई क्रिकेट में ये विवाद उस समय गहराया है जब ये बोर्ड बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। बीते 48 घंटों में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के पदाधिकारियों को हटा दिया गया था और एक नई ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी गठित की गई थी। इस नौ सदस्यीय कमेटी में श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा भी हैं।
29 अप्रैल को शम्मी सिल्वा ने एसएलसी के चेयरमैन पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया था। बोर्ड ने बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी थी और बताया था कि पूरी लीडरशिप ने भी अपने पदों से हटने का फैसला किया है।



