कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात 13 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या, घर में अकेली थी बच्ची, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी…..
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत नागिन झोरखी इलाके में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय नाबालिग बालिका रानू साहू की अज्ञात हमलावर द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
घर में अकेली थी मासूम….
मृतका रानू साहू, पिता रामकुमार साहू, घटना के समय घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि रानू के माता-पिता रोजी-मजदूरी के लिए सुबह घर से निकले थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने घर के अंदर रानू को लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ देखा।
परिजनों की चीख-पुकार, इलाके में मची अफरा-तफरी…
मासूम को इस हालत में देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस सक्रिय हो गई।
धारदार हथियार से सिर पर किया गया हमला…
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से बच्ची के सिर पर हमला किया। वार इतना बेरहमी से किया गया कि सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही रानू की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड मौके पर…
घटना की जानकारी मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को बुलाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इकलौती संतान थी रानू…
बताया जा रहा है कि रानू अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसकी हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
हर पहलू से जांच…
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है। हत्या धारदार हथियार से की गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का दावा पुलिस कर रही है।
फिलहाल इस जघन्य वारदात ने पूरे दीपका क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



