हत्या का खुलासा:- लोहे के फरसे से गला-सिर पर वार कर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात आरोपी गिरफ्तार…
पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम गितकेरा में हुई एक जघन्य हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लोहे के धारदार फरसे से किए गए प्राणघातक हमले में युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने सूचना मिलने के महज 3 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मृतक नारायण यादव और आरोपी पक्ष के बीच जमीन विवाद को लेकर वर्षों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी आपसी वैमनस्य के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना का विवरण
प्रार्थी सोनसाय यादव ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 14 जनवरी 2026 की रात करीब 7:30 बजे, उसका भाई नारायण यादव गौठान चौक के पास खड़ा था। उसी दौरान आरोपी यशवंत यादव वहां पहुंचा और लोहे के धारदार फरसे से नारायण यादव के गले, चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल नारायण यादव को इलाज के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए भावना गुप्ता, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस तत्काल हरकत में आई।
घटनास्थल पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए आसपास मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया गया पूछताछ में आरोपी यशवंत यादव (38 वर्ष) ने पुरानी रंजिश के चलते आवेश में आकर फरसे से वार करना स्वीकार किया।
कानूनी कार्रवाई
थाना पलारी में अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को 15 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



