दुर्ग। सोशल मीडिया पर शादी के लिए जीवनसाथी तलाश रहे लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का सुपेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर AI से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर लोगों को शादी का झांसा देता था। इसके बाद मैरिज काउंसलिंग के नाम पर शुरुआती 2 हजार रुपए और अन्य रकम ऑनलाइन जमा कराई जाती थी। पैसे मिलते ही संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर उनसे संपर्क बंद कर दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, फर्जी मैरिज ब्यूरो को ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ के नाम से संचालित किया जा रहा था। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास स्थित परिसर में दबिश दी। यहां संचालक परमानंद यादव (24) सहित चार युवतियां काम करते मिलीं।
पूछताछ में सामने आया कि युवतियों को अच्छी कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर बुलाया गया था। उन्हें 7 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देने का आश्वासन दिया गया था। दो दिन का प्रशिक्षण देने के बाद ग्राहकों से मैरिज काउंसलर के रूप में बातचीत करने और QR कोड के जरिए भुगतान लेने का काम सौंपा गया था।
तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर…..
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी करीब तीन महीने से यह गतिविधि चला रहा था। प्रतिदिन 20 से 50 कॉल किए और प्राप्त किए जाते थे। देश के अलग-अलग राज्यों के विवाह इच्छुक लोगों को निशाना बनाया जाता था। पुलिस के अनुसार, फर्जी मोबाइल नंबरों और म्यूल बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। संबंधित बैंक खातों के खिलाफ समन्वय पोर्टल पर शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।
2.83 लाख रुपए का सामान जब्त……
पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई, विभिन्न बैंकों की चेकबुक और पासबुक, QR कोड, ग्राहकों के मोबाइल नंबर व भुगतान का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर तथा 1 लाख 64 हजार रुपए नकद जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 लाख 83 हजार 600 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी परमानंद यादव, निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026 के तहत धारा 317(2), 319(2) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली विवाह संबंधी प्रोफाइल और मैरिज ब्यूरो की सत्यता जांचे बिना किसी को पैसे न दें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



