जांजगीर-चांपा लुट और अपहरण का मामला:- लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, 4 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी..
जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में हुए 20 लाख रुपये से अधिक की लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुनील कुमार कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस प्रकरण में पुलिस इससे पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार कुर्रे 28 वर्ष, निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 लाख 68 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 111(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
कैसे हुई थी वारदात….
पीड़ित हरीश देवांगन, जो मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चांपा में सुपरवाइजर है, 9 जनवरी 2026 को कंपनी का कैश कलेक्शन करने सक्ती गया था। सक्ती और ठठारी से कुल 20 लाख 18 हजार 700 रुपये नगद कलेक्शन कर जब वह चांपा लौट रहा था, तभी ग्राम कोसमंदा तालाब के पास काली कार में सवार बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची पावडर फेंक दिया।
इसके बाद आरोपियों ने जबरन हरीश को कार में बैठाया, मारपीट की और देर रात मैनपाट सेल्फी पॉइंट के पास उसे गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। हरीश पूरी रात खाई में फंसा रहा और सुबह किसी तरह बाहर निकलकर घटना की सूचना पुलिस को दी।
सायबर टीम की अहम भूमिका…
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सायबर टीम को लगाया गया। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार की पहचान की और एक-एक कर सभी आरोपियों तक पहुंची। पहले ही 13 लाख 75 हजार रुपये, कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे…
इस पूरे मामले में फरार चल रहा आरोपी सुनील कुमार कुर्रे मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



