सक्ती जिले के मालखरौदा और गोबरा में बनेगा महतारी सदन: प्रदेशभर मे 166 महतारी सदन हेतु 49.80 करोड़ की स्वीकृति, 2500 वर्गफुट में होगा निर्माण
छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से 166 नए महतारी सदन की स्वीकृति जारी की गई है, जिन पर कुल 49 करोड़ 80 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इनमें सक्ती जिले के मालखरौदा और डभरा विकासखंड के ग्राम गोबरा में भी महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, अब तक प्रदेश में कुल 368 महतारी सदन की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से 50 से अधिक का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रत्येक महतारी सदन का निर्माण लगभग 2,500 वर्गफुट में किया जाएगा, जिसकी लागत राशि करीब 30 लाख रुपये होगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि महिलाओं द्वारा ग्राम भ्रमण के दौरान लगातार बैठने और सामुदायिक कार्यों के लिए स्थान की मांग की जाती रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए महतारी सदन बनाने की योजना को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़कर महिलाएं अब विकास का मजबूत हिस्सा बन रही हैं। महतारी सदन इसी दिशा में एक ठोस पहल है।
महतारी सदन में महिलाओं के लिए कमरा, बरामदा, हाल, किचन, स्टोररूम, पेयजल हेतु ट्यूबवेल, वर्षा जल संचयन, सामुदायिक शौचालय और सुरक्षा हेतु बॉउंड्रीवाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले पांच वर्षों में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण किया जाए, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, सामुदायिक कार्यक्रमों और आत्मनिर्भरता के लिए एक मजबूत मंच मिल सके।



