पहाड़ी में मिली लापता महिला की लाश, प्रेम संबंध बना हत्या की वजह? संदिग्ध आरोपी ने खाया जहर
संवाददाता ओमप्रकाश कश्यप जांजगीर-चांपा। जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र में दो दिनों से लापता 30 वर्षीय महिला का शव पहाड़ी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस ने मामले में गांव के ही एक संदिग्ध आरोपी की पहचान की है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने जहर का सेवन कर लिया है और फिलहाल कोरबा अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
दरअसल, ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला 22 नवंबर से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 24 नवंबर को परिजनों की सूचना पर पंतोरा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस की अलग-अलग टीमें पतासाजी में जुटी थीं।
इसी बीच 25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग के दौरान तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम संबंध को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पहाड़ी पर अपने परिचित व्यक्ति से मिलने गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंच गया और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। अब पुलिस इसी घटनाक्रम को हत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है।
संदिग्ध आरोपी ने किया जहर सेवन
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध आरोपी ने जहर का सेवन कर लिया है, जिसके बाद उसे कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्ध के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।



