जांजगीर-चांपा। जिले में 26 नवंबर को संविधान दिवस खास अंदाज में मनाया जाएगा। इस बार जिले के सभी अमृत सरोवर संविधान दिवस के आयोजन के केंद्र होंगे। यहां युवाओं से लेकर स्कूली विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प भी लिया जाएगा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए जनपद पंचायत सीईओ और कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों पर होगी चर्च
कार्यक्रम में युवाओं, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विकसित भारत–जी राम जी के श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों और आजीविका दीदियों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करने के साथ मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर उद्बोधन दिया जाएगा। लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाएगी।
सरोवरों की सफाई से लेकर पौधरोपण तक
संविधान दिवस के आयोजन के साथ अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत खरपतवार हटाने, गाद निकासी और पौधरोपण जैसी गतिविधियां होंगी। आयोजन का उद्देश्य केवल संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनभागीदारी को भी मजबूत करना है।



