तालाब में तीन दिन बाद मिला युवक का शव, प्रशिक्षु SI पर मारपीट कर तालाब में धकेलने का आरोप
शक्ति। जिले के ग्राम डोमाडीह में तीन दिन पहले तालाब में कूदे युवक का शव बुधवार को तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हसौद थाने के प्रशिक्षु प्रभारी उप निरीक्षक जयराम साहू पर मारपीट कर युवक को तालाब में धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिर्रा-हसौद-डभरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग है कि प्रशिक्षु उप निरीक्षक और उसके साथ पहुंचे 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
जुआ खेलने की सूचना पर रात 1 बजे पहुंची थी पुलिस टीम
ग्रामीणों के मुताबिक, 22 नवंबर की रात करीब 1 बजे प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू अपने साथ 5-6 अन्य लोगों को लेकर ग्राम डोमाडीह पहुंचे थे। बताया गया कि गांव में जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि तीन लोगों को पकड़ लिया गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए लोगों के साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करते हुए मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उनकी पेंट की जेब में रखे पैसे भी छीन लिए गए।
दो लोगों को 15-15 हजार रुपए लाने की बात कहकर छोड़ा
ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए तीन लोगों में से दो को 15-15 हजार रुपए लाने की बात कहकर छोड़ दिया गया। वहीं, 38 वर्षीय महेश केंवट के साथ मारपीट करने और उसे तालाब में धकेलने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद से युवक का कोई पता नहीं चला। तीन दिन बाद बुधवार को उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला।
तीन बच्चों का पिता था महेश, परिवार में अकेला कमाने वाला
मृतक महेश केंवट के तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की है।
शव निकालने से पहले पंचनामा और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने मांग रखी है कि शव का पंचनामा वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाए। साथ ही प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू और उसके साथ आए अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर हसौद थाने का घेराव किया जा सकता है।
SDOP ने संभाला मोर्चा, ग्रामीण मांगों पर अड़े
चक्काजाम की सूचना पर SDOP भुवनेश्वरी पैकरा मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल शव तालाब से बाहर नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही शव निकालने की प्रक्रिया आगे बढ़ने दी जाएगी।
फिलहाल मामले में ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।



