संविधान दिवस पर अनुराग पब्लिक स्कूल जैजैपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को बताए अधिकार और कर्तव्य
जैजैपुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को अनुराग पब्लिक स्कूल जैजैपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के निर्देशानुसार किया गया।

शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके उद्देश्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह लागू हुआ। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता तथा धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करने और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक वाचन भी किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए साइबर अपराध, फेसबुक-इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह रोकथाम, बच्चों के शिक्षा के अधिकार एवं उनके संरक्षण से जुड़े कानूनी पहलुओं पर जागरूक किया गया।
इसके साथ ही नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, करुणा अभियान, आसरा अभियान एवं प्रयास अभियान के संबंध में भी जानकारी दी गई। महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करना तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।



