जांजगीर चांपा । ग्राम खोखरा में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में देवनारायण सूर्यवंशी की हत्या कर फरार हुआ मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) आखिरकार रायपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस हत्याकांड की जांच में पुलिस के ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ ने अहम सुराग दिया था। वह घटनास्थल से सीधे आरोपी के घर तक पहुंच गया था, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
शराब पार्टी के दौरान बिगड़ी बात, पत्थर से कुचल दिया सिर
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा के सूर्या चौक पर कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और देवनारायण सूर्यवंशी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
‘गब्बर’ ने दिखाया रास्ता, घर पहुंचते ही गायब मिला आरोपी
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के दौरान ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ ने ऐसा सुराग दिया कि पुलिस सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कौशल फरार हो चुका था।
एक आरोपी जेल में, दूसरा रायपुर से गिरफ्तार
पुलिस ने 19 नवंबर को इस मामले में इतवारी सूर्यवंशी (42) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी कौशल की तलाश लगातार जारी थी। आखिरकार कोतवाली पुलिस की टीम ने उसे रायपुर से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कौशल ने पैसों के लेनदेन के विवाद में देवनारायण पर पत्थर से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



