Janjgir Illegal Mahua Liquor जांजगीर-चांपा। गांव की सड़क पर बोरी लेकर जा रहे एक युवक की गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी तो पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो बोरी के अंदर जो मिला, उसने अवैध शराब बिक्री के खेल का खुलासा कर दिया। बोरी में अलग-अलग झिल्लियों में भरकर रखी गई 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
मामला जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा सड़कपारा का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने जिले के थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. उल्लंडन यॉर्क एवं CSP सिटी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश, बोरी से निकली शराब
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मड़वा सड़कपारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कमल सिंह चौहान (25 वर्ष), निवासी ग्राम मड़वा बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी बोरी से अलग-अलग झिल्लियों में भरी कुल 7 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई। इसमें 22 झिल्लियां थीं। जब्त शराब की कीमत 1,400 रुपये बताई गई है।
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी कमल सिंह चौहान के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, महिला आरक्षक रेखा यादव एवं आरक्षक शंकर सिंह राजपूत की विशेष भूमिका रही।



