Bijapur News बीजापुर। इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादियों के छिपाए डम्प से सुरक्षा बलों ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं। सोने के 33 बिस्किट जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे गए थे। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए आंकी गई है। डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया।
थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर नदी के पास चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की। इस दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा मिला। इसे खोलने पर 33 सोने के बिस्किट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक बिस्किट 10 तोला का है। कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 4.29 करोड़ रुपए बताई गई है।
टेप से लिपटे पैकेट में मिले 24 लाख रुपए
सोने के अलावा टीम को टेप से लिपटा एक पैकेट भी मिला। इसमें 500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए रखे हुए थे। पुलिस ने सोने और नकदी को जब्त कर थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ नकद बरामद
पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्रवाइयों में अब तक बीजापुर जिले के अलग-अलग स्थानों से कुल 12.34 किलोग्राम सोना और 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं।



