अवैध महुआ शराब पर पुलिस की दबिश:- बड़े अमेरी के सबरिया डेरे में पुलिस की दबिश, 95 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त; एक गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह अकलतरा अनुभाग की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरे में दबिश देकर हाथ भट्टी से बनाई जा रही 95 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली तीन एल्युमीनियम हांडियां, प्लास्टिक पाइप, टुल्लू पंप और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरे में कुछ लोग अवैध रूप से हाथ भट्टी से महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अकलतरा, मुलमुला थाना और कोटमी पुलिस सहायता केंद्र की संयुक्त टीम ने सुबह तड़के दबिश दी।
मौके पर बड़ा चूल्हा बनाकर तीन हांडियों की मदद से कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह प्लास्टिक जरीकेन में रखी 95 लीटर शराब जब्त की। इसकी कीमत 9,500 रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल होंडा हॉर्नेट और पल्सर N250, एक टुल्लू पंप, तीन एल्युमीनियम हांडियां और प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए। कुल जब्ती की कीमत 3 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
मामले में बाबूलाल गौड़ (22), निवासी बड़े अमेरी कोटमीसोनार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के बयान में आशीष गौड़ और राकेश गौड़ की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों की तलाश की जा रही है।




