
सगाई से वापस लौट रहे युवक की मौत:- अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी ठोकर, दो अन्य युवक घायल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर दर्दनाक हादसे की घटना सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के राजकंमा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतक राजकुमार धनवार कोंनकोना का रहने वाला था। वह अपने दो दोस्तों के साथ गांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम से वापस लौट रहा था। रात के समय कटघोरा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस और 112 की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।