साईं मंदिर में चांदी के मुकुट की चोरी का खुलासा
सक्ती। साईं मंदिर से भगवान साईं का चोरी हुआ 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपये है, पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में चोरी में शामिल दो आरोपियों सतीश दुबे (37), निवासी नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) और ननकी राम चौहान (44), निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर चांदी का मुकुट बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सतीश दुबे मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर का निगरानी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी लंबित है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई।



