फर्जी दस्तावेज बनाकर दोबारा की रजिस्ट्री:-30 साल पहले बेची जमीन दोबारा बेच दी, 6 लाख की धोखाधड़ी में आरोपी गिरफ्तार।
जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने पहले से बेची जा चुकी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दोबारा बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एएसपी यूलेंडन यॉर्क ने जानकारी देते हुए बताया कि,,कोटाडबरी निवासी गौकरण पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जगदल्ला निवासी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ ने अपनी जमीन 6 लाख 350 रुपये में बेचने का सौदा किया। तहसील कार्यालय में इकरारनामा तैयार हुआ और प्रार्थी ने 50 हजार रुपये नकद तथा 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी और उसके पुत्र को दिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री उसकी पत्नी के नाम करा दी गई।
नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान खुलासा हुआ कि संबंधित जमीन को आरोपी वर्ष 1996 में ही कोसमंदा निवासी एक व्यक्ति को बेच चुका था। उस समय नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन की दूसरी प्रति हासिल की और उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर दी।
शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोप प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में किसान पुस्तिका सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



