जिलाबदर बदमाश फैजल खान गिरफ्तार:-जिला बदर के बावजूद क्षेत्र में छिपा मिला आदतन अपराधी, पुलिस ने भेजा जेल
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिला बदर के आदेश की अवहेलना करने वाले आदतन बदमाश फैजल खान को गिरफ्तार किया है। जिला बदर होने के बावजूद आरोपी चोरी-छिपे चांपा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।।
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी फैजल खान को जिला दंडाधिकारी के आदेश पर एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आरोपी आदेश की अवहेलना कर चांपा क्षेत्र में रह रहा था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 एवं प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



