भिलाई में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में थाना छावनी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस स्थित सुलभ के पास एक युवक हथियार लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पवन महानंद (24 वर्ष), निवासी कैम्प 02 जलेबी चौक, थाना छावनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार हथियार जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल बना रहा था। थाना छावनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनी रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



