मुकुंद टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास धारदार चाकू लेकर खड़े थे आरोपी, पुलिस ने तलाशी में शर्ट के अंदर छिपाए गए चाकू किए जब्त..
जांजगीर-चांपा। चांपा में धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने के मामले में पुलिस ने कोरबा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़े धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
टॉकीज संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस……
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मुकुंद टॉकीज चांपा के संचालक ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि दो व्यक्ति बड़े नुकीले धारदार चाकू लेकर टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास खड़े हैं और आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डरा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे ने पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की।
शर्ट के अंदर छिपाकर रखे थे चाकू…..
पूछताछ में आरोपियों की पहचान उमेश यादव (25 वर्ष), पिता छतराम यादव, निवासी खरहरकुड़ा, थाना उरगा, जिला कोरबा और करन गोस्वामी (24 वर्ष), पिता गोरेलाल गोस्वामी, निवासी नवलपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों की अलग-अलग तलाशी ली तो उनकी शर्ट के अंदर छिपाकर रखे बड़े धारदार चाकू बरामद हुए। पुलिस ने चाकू जब्त कर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 621/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 15 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उप निरीक्षक भवानी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक गौरीशंकर राय, सुमंत कंवर सहित थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



