दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब व पशु तस्करी में शामिल 3 वाहन राजसात
दुर्ग जिले में अवैध शराब परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इन अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल तीन वाहनों को राजसात कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस दुर्ग के प्रतिवेदन के आधार पर जिलाधीश द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना जामुल और थाना रानीतराई क्षेत्र में दर्ज प्रकरणों में इन वाहनों को पहले ही जब्त किया गया था। थाना जामुल में वर्ष 2021 में आइसर वाहन (CG-07/BS-1180) से अवैध शराब परिवहन का मामला सामने आया था। वहीं, वर्ष 2024 में जामुल क्षेत्र में पिक-अप वाहन (CG-07/CN-2670) और रानीतराई क्षेत्र में अशोक लीलैंड ट्रक (UP-11/CT-5490) में मवेशियों की अवैध तस्करी करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया था।
इन मामलों में पुलिस ने विधिवत जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और वाहनों को जब्त किया था। बाद में पुलिस द्वारा राजसात की अनुशंसा किए जाने पर जिलाधीश ने तीनों वाहनों को राजसात करने का आदेश जारी किया।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



