प्रधानमंत्री आवास की किस्त में वसूली का आरोप, रोजगार सहायक ने पहले लिए 30 हजार, फिर मांगे 10 हजार रुपये
संवाददाता ओमप्रकाश कश्यप…जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत जेवरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ रोजगार सहायक राजेश खुटे पर एक हितग्राही से पहले 30 हजार रुपये लेने और आवास की तीसरी किस्त जारी कराने के नाम पर दोबारा 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। मामले में सबसे अहम बात यह है कि हितग्राही ने कथित तौर पर पैसे देते समय वीडियो भी बनाया है। अब यह वीडियो मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आया है। हितग्राही ने इस पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच टीम गठित कर दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, लेकिन योजना की राशि जारी कराने के नाम पर वसूली के आरोप ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। अब देखना होगा कि जांच में क्या खुलासा होता है और दोषी पाए जाने पर संबंधित रोजगार सहायक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।



