नशे में कॉल कर घर बुलाया, फिर चाकू से ग्रामीण पर जानलेवा वार,बीच बचाव करने वाला भी घायल,आरोपी गिरफ्तार जेल दाखिल
कोरबा।सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के आछीमार गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने नशे की हालत में ग्रामीण को घर बुलाकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार आछीमार निवासी जोगीराम मिरी का गांव के ही कुंदन भट्ट से पुराना विवाद चला आ रहा था। जोगीराम ने कुंदन को मोबाइल पर कॉल कर अपने घर के पास बुलाया। प्रार्थी को आरोपी की मंशा का अंदाजा नहीं था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जोगीराम मिरी उस समय शराब के नशे में धुत था।
कुंदन के पहुंचते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने साथ पहले से रखे सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी दौरान बीच-बचाव करने आए आशीष भट्ट पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया,
जिससे उसके हाथ की उंगली में चोट आई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन रामपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी जोगीराम मिरी के खिलाफ धारा 109, 296, 351 सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और पहले भी विवाद करता रहा है। पुरानी रंजिश के कारण उसने सोची-समझी साजिश के तहत कॉल कर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।



