पत्नी की हत्या कर हादसे का रूप देने वाला पति गिरफ्तार, झूठी कहानी बनाकर पुलिस को किया था गुमराह
सूरजपुर। जिले के चौकी चेन्द्रा क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर उसकी मौत को हादसा बताने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए नाले में गिरकर मौत होने की झूठी कहानी गढ़ दी। हालांकि, पुलिस की जांच, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपी की साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो ने 10 नवंबर 2026 को चौकी चेन्द्रा में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लक्षंती बाई की नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोट के कारण मौत हो गई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि की जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों अपने फूफा के घर ग्राम टोमो जाने के लिए निकले थे।
आरोपी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी नाले के पत्थर पर गिर गई, जिससे उसे अंदरूनी चोट आई और वह पानी में भीग गई। इसके बाद वह पत्नी को नाले के पास स्थित एक व्यक्ति के मवेशी बांधने वाले बथान में आम के पेड़ के नीचे ले गया और उसकी सिकाई करने लगा। रात करीब 11 बजे जब उसने पत्नी को छूकर देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद उसने पत्नी की मौत नाले में गिरने से लगी चोट के कारण होना बताया।
सूचना पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 91/2026 कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया। जांच में सामने आया कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि उसके पति लालू प्रसाद द्वारा हाथ-मुक्के और लात से बेरहमी से मारपीट करने के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना के समय आरोपी पति अपनी पत्नी के साथ अंतिम समय तक मौजूद था और उसने हत्या की सच्चाई छिपाने के लिए पुलिस के सामने हादसे की झूठी कहानी पेश की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 256/2026 धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने विवेचना के दौरान दबिश देकर आरोपी लालू प्रसाद पण्डो पिता स्वर्गीय रामजीत पण्डो, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी, चौकी चेन्द्रा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 नवंबर को पत्नी के साथ वापस लौटते समय बेवराडांड के ईरा नाला के पानी में पत्नी गिर गई थी। उसे उठाकर नाला पार कराने के बाद आरोपी ने जल्दी चलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर पत्नी द्वारा अपशब्द कहे जाने से वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर हाथ-मुक्के एवं लात से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद उसने घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
फिलहाल चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पण्डो को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



