जांजगीर में भाजपा की विशाल पदयात्रा, गुरु खुशवंत साहेब बोले- लोकतंत्र की मर्यादा सर्वोपरि, भीड़तंत्र स्वीकार नहीं
जांजगीर-चांपा। जिले में भारतीय जनता पार्टी ने अटल चौक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। अटल चौक से निकली पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मर्यादाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए लोकतंत्र की रक्षा में जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान खतरे में होने का झूठा भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे मजबूत लोकतंत्र है और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान इसकी मजबूती का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में धर्म, समाज और परिवारों के बीच मतभेद पैदा कर सत्ता चलाने की राजनीति की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए दावा किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के लगभग ढाई से पौने तीन साल के कार्यकाल में 12 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाए जा चुके हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास निर्माण की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है, ताकि मृत व्यक्तियों, दोहरी प्रविष्टियों और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को नियमानुसार संशोधित किया जा सके।
मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब देने और वर्ष 2029 के चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने, अराजकता हटाने और विकसित भारत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।



