दुर्ग में सट्टा कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल
दुर्ग जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना नेवई पुलिस ने सट्टा खिलाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मरोदा स्थित मंगल बाजार टंकी क्षेत्र में एक व्यक्ति रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा लिख रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज सोनी उर्फ गोलू (34 वर्ष), निवासी टंकी मरोदा नेवई बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पट्टी, पर्ची, 800 रुपये नगद और एक पेन जब्त किया है।
मामले में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 9 अप्रैल को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा संचालन कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना नेवई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



