अंधविश्वास में महिला की हत्या, जादू-टोने के शक में पत्थर से कुचलकर मार डाला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरड़ी में अंधविश्वास के चलते एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जादू-टोना करने के शक में आरोपियों ने महिला को पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी धीरपाल श्याम के परिवार में कुछ समय पहले उसके बेटे की मृत्यु हो गई थी। बेटे की मौत के बाद धीरपाल को संदेह था कि गांव की महिला कौशल्या ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसके बेटे की जान गई। इसी शक के चलते वह महिला से रंजिश रखने लगा था।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी और उसके साथियों ने कौशल्या पर हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला के सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धीरपाल श्याम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के कारण होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



