सक्ती के कारोबारी से 15 लाख की ठगी का आरोप, रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन पर FIR दर्ज
कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का दिया था झांसा, गारंटी में दिया 4 लाख का चेक निकला बंद खाते का
सक्ती। जिले के एक कारोबारी से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी ने बड़े अधिकारियों से पहचान और पहुंच होने का हवाला देकर कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था और इसी बहाने कारोबारी से 15 लाख रुपये ले लिए।
टेंडर दिलाने का झांसा देकर लिए 15 लाख रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती के वार्ड नंबर 6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयले का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि मार्च 2022 में दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने उनसे संपर्क किया था।
आरोप है कि दीपक टंडन ने उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान और पहुंच होने की बात कहते हुए कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
गारंटी के लिए दिया 4 लाख का चेक, खाता पहले से था बंद
शिकायत के मुताबिक, रकम लेने के दौरान आरोपी ने गारंटी के तौर पर HDFC बैंक का 4 लाख रुपये का चेक क्रमांक 009268 और एक ब्लैंक चेक क्रमांक 000013 दिया था।
बाद में जब पीड़ित ने बैंक से चेक और खाते के संबंध में जानकारी ली, तो पता चला कि आरोपी का संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद कारोबारी ने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस अब मामले से जुड़े बैंक लेन-देन, चेक और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।



