दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, पिता फांसी पर, पत्नी-बच्चों ने खाया ज़हर
महासमुंद, 14 मई 2025 – छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमय मौत से सनसनी फैल गई है। मृतकों में आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ प्यून बसंत पटेल (42), उनकी पत्नी भारती पटेल (38), बेटी सेजल (11) और बेटा कियांश (4) शामिल हैं।
घटना शासकीय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित H-2 बिल्डिंग के मकान नंबर 5 की है, जहां बसंत पटेल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और दोनों मासूम बच्चों की मौत जहर सेवन से हुई बताई जा रही है। पुलिस को मकान अंदर से बंद मिला, जिससे हत्या या आत्महत्या के एंगल पर जांच की जा रही है।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मामले की सूचना मिलते ही एसपी आशुतोष सिंह, एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।



