डायल 112 के आरक्षक की बहादुरी: आत्महत्या कर रहे युवक को पेड़ पर चढ़कर बचाया
रायगढ़, 13 मई 2025। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारसमाल में एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना पर डायल 112 की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। इस दौरान डायल 112 में पदस्थ आरक्षक डेहरू राम उरांव ने अपनी जान की परवाह किए बिना पेड़ पर चढ़कर युवक को फांसी लगाने से रोककर एक अनुकरणीय साहस का परिचय दिया।
घटना शाम करीब 7:30 बजे की है, जब कमांड कंट्रोल, रायपुर से सूचना मिली कि एक युवक गांव में आत्महत्या करने वाला है। सूचना मिलते ही आरक्षक डेहरू राम ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल थाना प्रभारी रामकिंकर को सूचित किया। उनके निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी और आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा भी मौके पर पहुंचे।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो पाया कि युवक रामकुमार सिदार एक ऊंचे पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए मना कर रहे थे, लेकिन वह किसी की नहीं सुन रहा था। ऐसे में आरक्षक डेहरू राम उरांव ने बिना किसी हिचकिचाहट के पेड़ पर चढ़कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
युवक से पूछताछ में पता चला कि वह पारिवारिक तनाव के कारण आत्महत्या करना चाहता था। पुलिस ने उसे समझाइश देकर परिजनों के हवाले कर दिया।
आरक्षक डेहरू राम की इस तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और साहस की पूरे गांव के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी सराहना की जा रही है। यह घटना एक बार फिर सिद्ध करती है कि डायल 112 न केवल आपात स्थिति में त्वरित सहायता करती है, बल्कि असंभव को भी संभव बना सकती है।



