CG VOICE NEWS:- उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शिवरीनारायण महोत्सव का किया शुभारंभ,अटल परिसर का किया लोकार्पण…..
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शिवरीनारायण महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महंत लाल दास महाविद्यालय के मैदान में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक है।
23 फरवरी से 26 फरवरी तक चलने वाले शिवरीनारायण महोत्सव का आयोजन माता शबरी की नगरी शिवरीनारायण में किया गया है। इस दौरान त्रिवेणी संगम पर आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति प्राचीनकाल से समृद्ध रही है, और शिवरीनारायण का इस विरासत में अहम स्थान है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव:-शिवरीनारायण छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। यहाँ लगने वाला माघ पूर्णिमा का मेला अपनी विशेषताओं के लिए जाना जाता है। यह हमारी आस्था और परंपरा का केंद्र है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और अटल परिसर का लोकार्पण किया। इस समारोह में सांसद जांजगीर-चांपा कमलेश जांगड़े, विधायक पामगढ़ शेषराज हरबंश, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व विधायक अंबेश जांगड़े सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शिवरीनारायण महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा का प्रमाण है।