2 नवंबर को हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी थीम
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने समय-सीमा बैठक में की सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं और जनशिकायतों की समीक्षा
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, मंच, बिजली और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रात्रि के समय रोशनी करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर गंभीरता से करें कार्रवाई
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर शिकायत का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का निराकरण करने के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत कर फीडबैक लेने को कहा, ताकि कार्रवाई की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता का पता चल सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था पर जोर
बैठक में जिले में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने, पर्याप्त संकेतक लगाने और निर्माण कार्यों की जानकारी देने को कहा।
उन्होंने सड़क एवं डिवाइडर निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन करने, रोलर चलाने और आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या से बचाव के लिए भी उचित व्यवस्था करने को कहा। कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे।
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से भी प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने इन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच के लिए निरीक्षण करने की बात कही।
जिला अस्पताल में सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आवश्यक जांच सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें और चिकित्सा उपकरण कार्यरत अवस्था में हों। उन्होंने चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए वे औचक निरीक्षण भी करेंगे।
इसके अलावा सेवा सेतु पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा से बाहर लंबित सभी प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने और सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां समय-सीमा में त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न शासकीय पोर्टलों पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करने को कहा।
पीएम किसान उत्सव और सूर्य घर योजना की समीक्षा
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पीएम किसान उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



