बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, डीप फ्रीजर, फल समेत दुकान का सामान जला; 1 से 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
रिपोर्टर योगेंद्र साहू……सक्ती जिले के नगर पंचायत डभरा में बुधवार तड़के आगजनी की घटना में फल दुकान का ठेला जलकर खाक हो गया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित दुकान में आग लगने से डीप फ्रीजर, फल, कुरकुरे, सिगरेट के पाउच, पंखा समेत अन्य सामान जल गया। दुकानदार के मुताबिक, घटना में करीब 1 से 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग ने देखते ही देखते दुकान के ठेले को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदार को घटना की जानकारी मिली, तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
आग की लपटें आसपास के ठेलों तक भी पहुंचने लगी थीं। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। घटना में दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।



