बिलासपुर में सूने मकान में चोरी का खुलासा, 5 आरोपी और एक अपचारी बालक पकड़े गए…
मोपका चौकी पुलिस की कार्रवाई, सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी सहित करीब 2 लाख रुपये का सामान बरामद…
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका चौकी पुलिस ने सूने मकान में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी सहित करीब 2 लाख रुपये का सामान बरामद कर जब्त किया है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
परिवार के बाहर जाने पर मकान में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, ग्राम बिजौर निवासी नीरज सूर्या ने 25 अक्टूबर 2026 को मोपका चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह 21 अक्टूबर को परिवार के साथ चकरभाठा गए थे। 25 अक्टूबर को वापस लौटने पर घर के कमरे का सामान बिखरा मिला। अलमारी और लॉकर टूटे हुए थे तथा सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी सहित अन्य सामान गायब था।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में चोरी गए सामान की पतासाजी की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर पांच आरोपियों तथा एक अपचारी बालक को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और हाथ घड़ी सहित करीब 2 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
1. अयान खान (21 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, शक्ति; वर्तमान पता ग्राम बिजौर, चौकी मोपका, थाना सरकंडा।
2. दिव्यांश लश्कर (19 वर्ष), निवासी ग्राम बिजौर, चौकी मोपका, थाना सरकंडा।
3. नेतराम साहू (24 वर्ष), निवासी बेहतराई, अटल चौक, थाना सरकंडा।
4. राजा सोनी (30 वर्ष), निवासी शांतिनगर, तिफरा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर।
5. समीर बघेल (27 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, शक्ति; वर्तमान पता ग्राम बिजौर, चौकी मोपका, थाना सरकंडा।
6. एक अपचारी बालक, जिसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज……
इस मामले में अपराध क्रमांक 1553/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(1), 317 और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों और अपचारी बालक को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई में मोपका चौकी और सरकंडा थाना पुलिस के स्टाफ की उल्लेखनीय भूमिका रही।



