हसदेव नदी से मिला आरक्षक का शव:-पुल से छलांग लगाने के दो दिन बाद बरामद हुआ शव, सरगुजा जिले में पदस्थ था आरक्षक सुनील बेक; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
कोरबा। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई के पास हसदेव नदी पुल से छलांग लगाने वाले आरक्षक सुनील बेक का शव दो दिन बाद बरामद किया गया। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया। शव मिलने के बाद मोरगा चौकी पुलिस ने उसे बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई की।
पुल पर खड़ी मिली थी बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को आरक्षक ने हसदेव नदी के पुल पर अपनी बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी की और करीब 25 फीट नीचे नदी में छलांग लगा दी थी। पुल पर खड़ी बाइक के पास उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड मिले थे।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के थाना प्रेमनगर अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। घटना के बाद जिला प्रशासन और नगर सेना की रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि सुनील के साथ कोई अनहोनी या घटना हुई हो सकती है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए भी मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि सुनील शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी व बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उसी पर थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
मोरगा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाइक, मोबाइल और घटनास्थल पर मिले अन्य दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरक्षक की मौत के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हुई हैं।



