Breaking News भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग, टर्बाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप…
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एशिया के सबसे बड़े औद्योगिक इकाइयों में शामिल भिलाई स्टील प्लांट में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। प्लांट के पीबीएस-2 यूनिट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है, हालांकि टर्बाइन में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन, उच्च अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कई कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कुछ कर्मचारी पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
बताया जा रहा है कि आग की चपेट में 5 कर्मचारी भी आए हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए मेन मेडिकल पोस्ट भेजा गया। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



