व्हाट्सएप से जुआ-सट्टा चला रहे थे आरोपी, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 प्रकरणों में 7 गिरफ्तार, ₹23 हजार नकद व 7 मोबाइल जब्त
दुर्ग। जिले में ऑनलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख़्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मोबाइल व्हाट्सएप के माध्यम से जुआ खेलने और खिलाने वाले आरोपियों के विरुद्ध दो पृथक-पृथक प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 07 मोबाइल फोन और जुआ-सट्टा की नगद रकम ₹23,000 बरामद की गई है। सभी आरोपियों को जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पहला प्रकरण – सिविक सेंटर, भिलाई….
दिनांक 20 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सिविक सेंटर भिलाई में मुन्ना जूस कॉर्नर के पास व्हाट्सएप के माध्यम से जुआ-सट्टा खेला जा रहा है। सूचना पर थाना भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित दबिश दी और संदिग्ध नरेश देवांगन को पकड़ा। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और ₹3,000 नकद बरामद हुए। वहीं, चिंटू कुमार के कब्जे से एक मोबाइल फोन और ₹5,000 नकद मिले। इस प्रकरण में कुल ₹8,000 नकद और 02 मोबाइल फोन जब्त किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 में कार्रवाई की गई।
दूसरा प्रकरण – सेक्टर-06 सी मार्केट….
इसी दिन सेक्टर-06 सी मार्केट में जुआ-सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी और संजय सेनापति को पकड़ा। इनके कब्जे से 05 मोबाइल फोन, ₹15,000 नकद तथा सट्टा नंबरों की कॉपी बरामद की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई।



