सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब बेचने वाला कोचिया गिरफ्तार, 32 पाव देशी शराब जब्त
बलौदा बाजार। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलौदा बाजार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ₹3,200 मूल्य की 32 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले में महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” शुरू की गई है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोग किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, सूचना या शिकायत व्हाट्सएप अथवा कॉल के जरिए सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। समाधान सेल के जरिए अपराधियों की धरपकड़ में लगातार कामयाबी मिल रही है।
इसी क्रम में 20 जनवरी को समाधान सेल में सूचना मिली कि अंबुजा सीमेंट संयंत्र, ग्राम रवान के कन्वेयर बेल्ट के पास अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना सिटी कोतवाली की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और आरोपी को शराब के साथ पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी चंद्रशेखर वर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम खैरवारडीह, थाना सिटी कोतवाली के पास से 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।



