कार में वेल्डिंग के दौरान भड़की भीषण आग, पेट्रोल टंकी में लीकेज से लगी लपटें, गैरेज में मचा हड़कंप
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी–कटघोरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार में वेल्डिंग के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और गैरेज के आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सीएसईबी दमकल वाहन को सूचना दी, जिसने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया।
वेल्डिंग के दौरान पेट्रोल टंकी भड़की
अयोध्यापुरी में शब्बीर खान पिछले कई सालों से गैरेज चला रहे हैं। सुबह गैरेज खुलते ही कर्मचारी पहुंच गए और एक कार की रिपेयरिंग शुरू की गई। इसी दौरान दो कर्मचारी कार में वेल्डिंग कर रहे थे। अचानक चिंगारी पेट्रोल टंकी में बने लीकेज पर पहुंची और भीषण आग भड़क उठी।
गैरेज में मौजूद 4–5 कर्मचारियों ने घबराए हुए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
दमकल ने बुझाई आग, कार जलकर खाक
सूचना मिलते ही सीएसईबी की दमकल टीम मौके पर पहुंची। लगभग कुछ देर की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
फायर सेफ्टी की नाकामी—दमकल कर्मी ने बताई गंभीर लापरवाही
दमकल कर्मी जीतू पलरिया ने बताया कि गैरेज संचालक की स्पष्ट लापरवाही सामने आई है।
उन्होंने कहा—
“पेट्रोल टंकी में लीकेज होने के बाद वेल्डिंग कोई भी हाल में नहीं करनी थी। अगर टंकी फट जाती, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।”
उन्होंने यह भी बताया कि गैरेज में फायर सेफ्टी का एक भी उपकरण नहीं था, जिसके कारण आग जल्दी फैल गई।
कई प्रतिष्ठान बिना फायर सेफ्टी के चल रहे—कर्मियों ने जताई चिंता
दमकल कर्मियों ने कहा कि लगातार लोगों को आग से सुरक्षा के लिए जागरूक किया जा रहा है, लेकिन उसके बावजूद लापरवाही बढ़ती जा रही है।
ऐसी कई दुकानें व कार्यस्थल हैं जहां फायर सेफ्टी मानकों का पालन तक नहीं किया जाता, जिससे आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं।


