किसानों के एक-एक दाने धान की खरीदी करे सरकार, कांग्रेस ने निकाली चेतावनी रैली
रकबा संशोधन, AgriStack पंजीयन और पोर्टल की तकनीकी खामियों को लेकर उठाई आवाज, चार विधायकों सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता हुए शामिल
जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही प्रशासनिक और तकनीकी परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी रैली निकाली। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आयोजित इस रैली में जिलेभर से किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रैली मदनलाल अग्रवाल के पुराने पेट्रोल पंप, चांपा रोड जांजगीर से शुरू हुई। कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन का ध्यान धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मांग की कि किसानों की उपज का एक-एक दाना धान सरकार खरीदे।
रकबा समर्पण और तकनीकी समस्याओं पर उठाई आवाज
रैली के माध्यम से कांग्रेस ने किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराने, रकबा संशोधन में देरी, बचत धान के भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान करने, AgriStack पंजीयन की जटिलताओं, PV एप्लिकेशन की समस्याओं और भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय त्रुटियों को तत्काल दूर करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसानों की उपज का एक-एक दाना धान सरकार को खरीदना होगा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अव्यवस्थाओं और पोर्टल की तकनीकी खामियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। रकबा सुधार और पंजीयन संबंधी त्रुटियों का जल्द निराकरण नहीं होने पर कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
विधायकों ने भी उठाए किसानों के मुद्दे
अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विभागीय त्रुटियों और भुइयां पोर्टल की खामियों के कारण किसान अपना ही धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने किसानों पर रकबा समर्पण का दबाव बंद करने और प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि AgriStack पंजीयन और PV एप्लिकेशन की तकनीकी समस्याओं ने ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने गांवों में शिविर लगाकर समस्याओं का तत्काल समाधान करने की बात कही।
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने बचत धान के भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।
जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि रकबा संशोधन के लंबित मामलों का जल्द निराकरण होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर यह रैली आगे बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है।



