इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती, शादी का झांसा देकर अनाचार का आरोप; इंदौर से आरोपी गिरफ्तार
कोटमीसोनार पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा। नाबालिग के अपहरण के मामले में कोटमीसोनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के इंदौर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पवन मुजल्दे निवासी पुनासा, जिला खंडवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी आरोपी पवन मुजल्दे से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती और बातचीत हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 28 जुलाई 2026 को नाबालिग को इंदौर मिलने के लिए बुलाया। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किए जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई।
साइबर तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और इंदौर में उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



