सेवा संकल्प यात्रा वडनगर से वाराणसी पहुंची जांजगीर, युवाओं ने निकाली बाइक रैल
प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बाइक रैली में शामिल होकर बढ़ाया युवाओं का उत्साह, युवा संवाद में सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वा
जांजगीर-चांप/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक जनसेवा से राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर जांजगीर पहुंची। यात्रा के आगमन पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बाइक रैली में सहभागिता कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया और युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। यात्रा में शामिल युवाओं को शाल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जरूरी
युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल वर्षों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के विकास के संकल्प की यात्रा है।
उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा रही है।
मंत्री ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार विकास यात्रा को गति दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी का संदेश
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देश, प्रदेश और जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा भावना को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है।
नारायण चंदेल ने किया युवाओं का उत्साहवर्धन
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा की भावना को गांव-गांव और लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यात्रा से जुड़े युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक बेलतरा सुशांत शुक्ला, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



