1.5 लाख रुपए लेकर आरोपी को छोड़ना पड़ा भारी:- प्रशिक्षु SI सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित,आबकारी एक्ट में नहीं की कार्यवाही।
जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव थाना में शराब बिक्री के आरोपियों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले की जांच कराई थीं जिसमें जांच में प्रथम दृष्टया रकम के लेन-देन की पुष्टि हुई है। जिसके बाद प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित थाना सारागांव में पदस्थ 6 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि 11 नवंबर को जानकारी मिली कि कि 4 नवंबर 2026 को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल गोंड़ से थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू सहित 6 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा 1.5 लाख रुपए की रकम का लेन-देन कर उसे छोड़ दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। जांच में प्रकाशित खबर से संबंधित मीडियाकर्मी का बयान दर्ज कर खबर के तथ्यों और स्रोत की जानकारी लेने, आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन के संबंध में पूछताछ करने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, यदि पुलिस और आरोपी के बीच कथित लेन-देन में किसी अन्य व्यक्ति की मध्यस्थता सामने आती है, तो उसका बयान दर्ज कर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने जांच निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



