खदान ब्लास्टिंग की चपेट में आई 3 साल की मासूम, आंगन में खेलते समय चेहरे पर लगा पत्थर
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एसईसीएल की खदान में हुई ब्लास्टिंग एक 3 साल की मासूम बच्ची पर भारी पड़ गई। ब्लास्टिंग के दौरान उछला पत्थर घर के आंगन में खेल रही बच्ची के चेहरे पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन बच्ची को लहूलुहान हालत में लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव खदान के पास स्थित पटना गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कोयला खनन के लिए लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है। रविवार दोपहर करीब बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी खदान में तेज धमाका हुआ। ब्लास्टिंग से उछला पत्थर सीधे बच्ची के चेहरे पर नाक के नीचे आकर लगा। पत्थर लगते ही बच्ची खून से लथपथ हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ब्लास्टिंग से पहले न तो सायरन बजाया जाता है और न ही किसी प्रकार की मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान अब रहवासी इलाके के बेहद करीब पहुंच चुकी है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन घायल बच्ची को लेकर रामानुजनगर थाना पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसडीओपी अभिषेक पैंकरा ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कराया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।



