नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, मायके पक्ष ने लगाया हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप
धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के परसतराई गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विवाह के महज चार महीने बाद महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतिका कामेश्वरी साहू की शादी दिसंबर 2025 में परसतराई निवासी मोनेश साहू से हुई थी। रविवार को उसका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतिका के चाचा भोजलाल साहू ने बताया कि शादी के बाद से ही उनकी भतीजी के साथ मारपीट की जाती थी। कई बार वह मायके आई थी, लेकिन समझाइश के बाद वापस भेज दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद द्वारा 25 हजार रुपये और अन्य दहेज की मांग की जा रही थी।
परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी मारपीट के बाद कामेश्वरी को जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं घटना वाले दिन ससुराल पक्ष ने फोन कर फांसी लगाने की सूचना दी। मायके वालों का आरोप है कि कमरे और आसपास की स्थिति देखकर मामला संदिग्ध लग रहा है और युवती को मारकर फांसी पर लटकाया गया है।
मृतिका के पिता शिवराम साहू ने कहा कि उन्होंने मजदूरी और कर्ज लेकर बेटी की शादी की थी, लेकिन शादी के बाद लगातार प्रताड़ना की शिकायत मिलती रही। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



