भारी बारिश पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हाई अलर्ट, सभी जिलों को राहत-बचाव के लिए सतर्क रहने..
रायपुर। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से कई जिलों के लिए रेड व येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों से कहा है कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि संभावित बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए ताकि जनहानि की स्थिति न बने।
उन्होंने सभी जिलों में राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की विशेष देखभाल करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और बिजली विभाग सहित सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। नाव, राहत सामग्री और अन्य जरूरी संसाधन पहले से उपलब्ध रखने को भी कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।



