स्वतंत्रता दिवस पर सक्ती में भव्य मुख्य समारोह, सांसद कमलेश जांगड़े करेंगी ध्वजारोहण
सक्ती, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर के समीप स्थित जेठा मैदान (कॉलेज ग्राउंड) में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगी।
समारोह में भव्य परेड, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च पास्ट तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, परेड दलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों से भी मुख्य अतिथि द्वारा भेंट की जाएगी।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:59 बजे होगा। 9:00 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत, 9:06 बजे परेड निरीक्षण, 9:10 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन तथा 9:42 बजे मार्च पास्ट होगा।
इसके बाद 9:57 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों से भेंट और 10:05 बजे से छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह का समापन 11:05 बजे पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण के साथ होगा।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को अनुशासन, गरिमा एवं उत्साह के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।



