पत्नी से मज़ाक बना हत्या की वजह:- कुछ घंटों में हत्यारा गिरफ्तार, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या की वजह पत्नी से मज़ाक और छीटाकशी को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का खून से सना शव गांव में जयशंकर के घर के पास बाड़ी के आंगन में पड़ा देखा। मृतक के चेहरे और सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वायड के डॉग “बाघा” ने घटनास्थल से सेंट लेकर सीधे पास में रहने वाले जयशंकर के घर तक पहुंचकर पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके बाद पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक नंदकुमार पटेल का पड़ोसी जयशंकर के घर आना-जाना था और वह उसकी पत्नी के साथ हंसी-मजाक और छीटाकशी करता था। रविवार रात जब जयशंकर ने अपनी पत्नी के साथ मृतक को आपत्तिजनक ढंग से बातचीत करते देख लिया, तो वह आपा खो बैठा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोपी जयशंकर ने मृतक को घर के पास बाड़ी में ले जाकर टंगी जैसे धारदार हथियार से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे नंदकुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे दबोच लिया।
इस मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



