JANJGIR CHAMPA शराब के नशे में रफ्तार बनी मौत की वजह: तेज कार ने पार्षद पति को कुचला, ऑटो को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार
जांजगीर–चांपा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क पर पैदल चल रहे पार्षद पति को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में पार्षद पति नारायण सोनवान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के भाटापारा–केरा रोड, कब्रिस्तान के सामने की है। थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता के अनुसार, दिनांक 4 जनवरी की रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि ब्रेजा कार क्रमांक CG-29-F-3765 का चालक अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने पहले सड़क किनारे पैदल चल रहे नारायण सोनवान को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और कुछ ही दूरी पर उसी दिशा में जा रहे एक ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि नारायण सोनवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक अमन गोयल को मौके से ही पकड़ लिया गया। मेडिकल जांच में आरोपी के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार, कार में रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर वाहन चलाने और हादसे की बात स्वीकार की है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस ने एक बार फिर आम लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि एक पल की लापरवाही किसी की जान ले सकती है।



