Big News युवक पर जानलेवा हमला, तालाब किनारे लहूलुहान हालत में मिला, रायपुर रेफर…
धमतरी जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा की है। दंतेश्वरी तालाब के पास स्थित पचरी में युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान धनेश्वर जोगी, उम्र लगभग 37 वर्ष, पिता सहदेव जोगी, निवासी ग्राम सांकरा के रूप में हुई है। अज्ञात व्यक्ति ने युवक के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल युवक को तत्काल नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक का इलाज रायपुर में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।



